नशा सुंघाकर लूटा ई-रिक्शा, जंगल से हुआ बरामद

बदायूं। तीन लोगों ने ई-रिक्शा बुक करने के बाद चालक को रास्ते में नशा सुंघा दिया और वाहन लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को नशे की हालत में पाया। कुछ दूरी पर जंगल से ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि बदमाश उसकी बैटरी निकाल ले गए। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

मामला बिनावर थाना क्षेत्र का है। गांव सिकरोड़ी निवासी महेंद्र पाल का पुत्र भारत पाल ई-रिक्शा चलाता है। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे तीन लोगों ने विजय नगला से भारतपाल का ई-रिक्शा बुक किया। गंगा एक्सप्रेसवे के पास थरा गांव पहुंचने पर आरोप है कि तीनों ने चालक को नशा सुंघा दिया। इसके बाद वह बेहोशी की हालत में सड़क किनारे रह गया और लोग ई-रिक्शा लेकर निकल गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भारतपाल नशे की हालत में मिला। पुलिस ने आसपास तलाश की तो थोड़ी दूर जंगल में ई-रिक्शा खड़ा मिला। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। इसके बाद भारत पाल के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे निजी डॉक्टर को दिखाया।

परिजन भारतपाल को इलाज के बाद घर ले गए। उनका कहना है कि वह अभी पूरी तरह होश में नहीं आया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ई-रिक्शा तो जंगल में छोड़ दिया गया, लेकिन उसमें लगी बैटरी बदमाश निकालकर ले गए। वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। चालक नशे की हालत में मिला था और ई-रिक्शा थोड़ी दूर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को इस मामले में तहरीर नहीं मिली थी। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ