पुलिस से छुड़ाने के नाम पर ठगे 40 हज़ार 

बदायूं। भाई को पुलिस से छुड़ाने का झांसा देकर 40 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने दरोगा से बात होने का दावा कर रकम मांगी थी। भरोसे में आकर आरोपी को रुपये दे दिए गए, लेकिन भाई के जेल जाने की कार्रवाई होने पर परिजनों को ठगी का पता चला।

मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव जगुआसई का है। गांव निवासी सुनील पुत्र सुखपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई सुधीर को दो सितंबर को पुलिस ने तमंचे के साथ पकड़ा था। आरोप है कि अगले दिन तीन सितंबर को गांव के ही नरेश पुत्र नत्थू सिंह ने सुनील से संपर्क किया। नरेश ने दावा किया कि उसने दरोगा से बात कर ली है और सुधीर को पुलिस से छुड़वा देगा। इसके एवज में उसने सुनील से 40 हजार रुपये की मांग की। आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए सुधीर की पत्नी ज्योति देवी ने नरेश को 40 हजार रुपये दे दिए। रुपये देने के बाद परिजन सुधीर के छूटने का इंतजार करते रहे। लेकिन पुलिस ने सुधीर का चालान कर दिया। इसके बाद सुनील और सुधीर की पत्नी ज्योति देवी को नरेश पर शक हुआ। चार सितंबर की सुबह दोनों नरेश के पास पहुंचे और उससे अपने 40 हजार रुपये वापस मांगे। आरोप है कि नरेश ने रकम लौटाने से इंकार कर दिया। उसने परिजनों से कहा कि रुपये दरोगा को दे दिए गए हैं। इसके बाद सुनील ने मूसाझाग थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और नरेश के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ