बिना मान्यता संचालित स्कूल पर लगेगा एक लाख जुर्माना
बदायूं। वजीरगंज ब्लॉक के गांव नौली हरनाथपुर में बिना मान्यता संचालित स्कूल के मामले में प्रबंधक रामबरन यादव ने अगर सप्ताह भर के भीतर मान्यता से संबंधित प्रपत्र पेश नहीं किये तो एक लाख का जुर्माना लगेगा। बीएसए नवीन कुमार ने बिना मान्यता संचालित स्कूलों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है और सभी ब्लॉक के बीईओ को अपने-अपने क्षेत्र में कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। बीते दिन वजीरगंज ब्लॉक के बीईओ दिलीप राठौर ने गांव नौली हरनाथपुर में संचालित स्कूल में छापा मारा। यह स्कूल अधबने भवन में कक्षा एक से आठ तक संचालित किया जा रहा था। यहां स्कूल संचालन से संबंधित कोई भी मानक पूर्ण नहीं था। बीईओ ने मान्यता संबंधी प्रपत्र मांगें तो वह भी प्रबंधक नहीं दिखा पाये। बीईओ ने निरीक्षण आख्या बीएसए को दी। बीएसए ने प्रबंधक को नोटिस जारी कर सप्ताह भर के भीतर मान्यता संबंधी प्रपत्र मांगे हैं, यदि मान्यता संबंधी प्रपत्र नहीं मिलते हैं तो संबंधित पर एक लाख का जुर्माना ठोका जायेगा।

टिप्पणियाँ