भरे गए 1,206 सैंपल में 525 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच में फेल, 140 पर कार्रवाई, वसूला 40.68 लाख जुर्माना
बदायूं। जिले में आम जन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई जारी है। विभाग ने पिछले तीन वर्षों में जिले भर से कुल 1,206 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे और इनकी जांच करायी। जांच में 525 नमूनों की रिपोर्ट अधोमानक (फेल) पाई गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के लिये प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट से स्पष्ट है कि फेल हुए अधिकतर नमूनों में मिठाई, दूध और पनीर शामिल है। जांच के दौरान पनीर और दूध में मानक से बेहद कम फैट (वसा) पाया गया, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी है। वहीं, मिठाइयों में सेहत के लिये बेहद हानिकारक रसायनों और रंगों का धड़ल्ले से इस्तेमाल मिला है। मिलावटखोर अक्सर त्योहारी सीजन में ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। इन दिनों भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अफसर मिलावटखोरों की कमर तोड़ने के लिये छापेमारी कर रहे हैं।
विभाग द्वारा जो सैंपल सील कर जांच के लिये राजकीय प्रयोगशाला भेजे गये थे, उनकी रिपोर्ट बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली है। जांच रिपोर्ट में जांच रिपोर्ट के विश्लेषण से यह बात सामने आई है कि बड़े चाव से खाई जाने वाली रंग-बिरंगी मिठाइयों में चमकीले और प्रतिबंधित हानिकारक रासायनिक रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था। जिनका सेवन स्वास्थ के लिये ठीक नहीं था।

टिप्पणियाँ