सेवा संकल्प अभियान में राजकीय महाविद्यालय के शिक्षकों ने राजकीय महिला महाविद्यालय में किया अध्यापन सेवा

बदायूँ। उत्तर प्रदेश शासन एवं भारत सरकार की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राजकीय महाविद्यालय, बदायूँ के एनएसएस से जुड़े राजनीति विज्ञान विभाग के प्रवक्ता डॉ. राकेश कुमार जायसवाल तथा समाजशास्त्र विभाग के प्रवक्ता डॉ. सतीश सिंह यादव ने घंटाघर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, में पहुँचकर छात्राओं का पाठ्यक्रम आधारित मार्गदर्शन किया। दोनों प्रवक्ताओं ने व्याख्यान के माध्यम से विषयवस्तु की विस्तृत जानकारी देकर छात्राओं को शैक्षणिक दृष्टि से प्रोत्साहित किया। डॉ जायसवाल ने राजनीति विज्ञान की छात्राओं को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान के विकास और निर्माण की यात्रा से अवगत कराते हुए भारतीय संविधान के आदर्श, दर्शन, लक्ष्य , मौलिक अधिकार एवं संविधान के मूल ढांचे से परिचित कराया। 

इस अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संध्या सक्सेना ने दोनों प्रवक्ताओं के सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना के बाद से अब तक राजनीति विज्ञान विषय में कोई प्रवक्ता नियुक्त नहीं हुआ है, जबकि स्थानांतरण के पश्चात समाजशास्त्र विषय का पद भी रिक्त है।

प्रोफेसर सक्सेना ने कहा कि इन परिस्थितियों में राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास के दोनों प्रवक्ताओं द्वारा यहाँ आकर अध्यापन सेवा प्रदान करना जनहित में एक सराहनीय एवं पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में जन्तु विज्ञान, गणित तथा उर्दू विषयों में भी वर्तमान में कोई शिक्षक कार्यरत नहीं है।

उनके अनुसार राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र एवं जन्तु विज्ञान विषयों में हजारों की संख्या में छात्राओं ने प्रवेश लिया है। शिक्षकों की कमी के कारण छात्राओं को अपनी पढ़ाई स्वयं-अध्ययन के माध्यम से पूर्ण करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। ऐसे में सेवाभावी अतिथि शिक्षकों के व्याख्यान छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

प्रोफेसर संध्या सक्सेना ने कहा कि शिक्षकों की यह निस्वार्थ सेवा भावना छात्राओं को विषय का ज्ञान कराने के साथ-साथ नारी सशक्तिकरण को भी मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षित, सक्षम एवं आत्मनिर्भर महिलाएँ ही प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

इस अवसर पर छात्राओं ने भी व्याख्यान के दौरान उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। दोनों प्रवक्ताओं ने छात्राओं को नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास एवं उच्च शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रेरित किया।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ