बिना रजिस्ट्रेशन अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामा
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एआरटीओ ऑफिस के पास बदायूं अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामा होता देख अस्पताल का स्टाफ भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। परिजनों ने निजी अस्पताल ले जाने वाली जिला महिला अस्पताल में तैनात वार्ड आया और उसकी बेटी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने वार्ड आया को हिरासत में ले लिया है। तीन डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम के लिए गठित किया गया है।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सगराय निवासी सुधीर कुमार की 30 वर्षीय पत्नी मोनी को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। इसके बाद सुधीर मोनी को लेकर जिला महिला अस्पताल की वार्ड आया के घर पहुंचे, जहां उसने अपने घर पर ही मोनी को भर्ती कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसने मोनी को अस्पताल ले जाने की बात कही और 30 हजार रुपये जमा करा लिए।
अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. तहसीन टीम के साथ पहुंचे तो पता चला कि अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के ही संचालित है। इसके बाद अस्पताल को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया गया।

टिप्पणियाँ