शिक्षक एमएलसी चुनाव : जिले में 70.67% मतदान, मतगणना 27 अक्तूबर को 

बदायूं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जिले में शुक्रवार को 70.67 प्रतिशत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। जिले के 10 मतदान केंद्रों पर पंजीकृत 3,935 शिक्षक मतदाताओं में से 2,781 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1,936 पुरुष और 845 महिला मतदाता शामिल हैं।

मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर चार बजे तक चला। सुबह मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद ग्रामीण क्षेत्र में मतदाताओं का उत्साह बढ़ता गया। सुबह 10 बजे तक 16.49 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 36.09 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर दो बजे तक 53.85 प्रतिशत शिक्षक मतदाता वोट डाल चुके थे। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक कुल मतदान 70.67 प्रतिशत दर्ज किया गया।

 केंद्रवार आंकड़ों में दातागंज ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। यहां 196 मतदाताओं में से 175 ने वोट डाले। दातागंज में मतदान 89.29 प्रतिशत रहा। 

दूसरे स्थान पर वजीरगंज रहा, जहां 157 में से 137 मतदाताओं ने मतदान किया। वजीरगंज में मतदान 87.26 प्रतिशत रहा।

 इस्लामनगर में 358 में से 297 मतदाताओं ने वोट डाले। इस्लामनगर 82.96 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। 

बिसौली मतदान केंद्र पर 304 मतदाताओं में से 248 ने वोट डाले। यहां 81.58 प्रतिशत मतदान हुआ। आसफपुर में 133 में से 97 (72.93 प्रतिशत), सहसवान में 180 में से 127 (70.56 प्रतिशत) मतदाताओं ने वोट डाले। और बिल्सी नगर पालिका में 309 में से 207 (66.99 प्रतिशत) प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उझानी में 585 में से 417 (71.28 प्रतिशत) और म्याऊं में 407 में से 329 (80.84 प्रतिशत) मतदाताओं ने वोट डाले।

इसके उलट, सबसे बड़ा मतदान केंद्र नगर पालिका परिषद बदायूं मतदान प्रतिशत में सबसे पीछे रहा। यहां 1,306 पंजीकृत मतदाताओं में से 747 ने मतदान किया। नगर पालिका परिषद बदायूं में मतदान 57.20 प्रतिशत ही हो सका।

 धीरे-धीरे बढ़ता गया मतदान प्रतिशत ग्राफ :

सुबह 10 बजे तक जिले में 569 वोट पड़े थे। दोपहर 12 बजे तक यह संख्या बढ़कर 1,420 हो गई। अगले दो घंटे में 699 वोट और पड़े और दोपहर दो बजे तक कुल मतों की संख्या 2,119 पहुंच गई। अंतिम दो घंटे में 662 मतदाताओं ने वोट डाले। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने पर कुल 2,781 वोट पड़े। मतदान के बाद मतपेटियों को सील किया गया।


डीईओ एवं एसएसपी ने किया निरीक्षण 

 ज़िला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने नगर पालिका परिषद बदायूं एवं बिल्सी में स्थापित मतदेय स्थल का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदान के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मतदान समाप्ति के बाद सभी 10 मतदेय स्थलों की सीलबंद मतपेटियां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की निगरानी में बरेली स्थित स्ट्रांग रूम में भेज दी गईं। मतपेटियां 27 अक्टूबर तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सुरक्षित रखी जाएंगी। मतगणना 27 अक्टूबर को बरेली में संपन्न होगी।




बूथ पर जुटे रहे भाजपा नेता व पदाधिकारी

बदायूं। शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान जहां एक तरफ भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही सक्रिय नजर आये। मतदान शुरू होने से पहले ही भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बृज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, डीसीबी के चेयरमैन जेके सक्सेना, पूर्व चेयरमैन उमेश राठौर, पालिका की पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, हरप्रसाद पटेल, तीर्थेंद्र पटेल, भाजपा नेता राम नरेश गौतम,मनोज विट्टन, श्याम बाबू, आशीष शाक्य, अभिवन उपाध्याय, अन्य पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे।


 सपा के बूथ पर भी सपा नेता व वोटर की रही भीड़ 

नगर पालिका परिसर बदायू के बाहर सपा ने भी बूथ लगाया गया। यहां बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी जुटे। सपा समर्थित वोटरों ने भी बूथ पर पहुंचकर पर्ची ली। यहां पर्व मंत्री आबिद रज़ा, जिलाध्यक्ष आशीष यादव, सभासद अनवर, सपा यूथ के राष्ट्रीय सचिव अली अल्वी,सरताज अली, मोहतशाम सिद्दीकी, जिलाअध्यक्ष छात्रसभा जाहिद गाजी, फरहत सिद्दीकी, सदाकत, मोहम्मद मियां, अनीस सिद्दीकी, शारिक खान आदि मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ