आंगनबाड़ी केंद्र पर गोद भराई कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति किया जागरूक

बदायूं। गर्भवती महिलाओं और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शहर के ब्रह्मपुर आंगनबाड़ी केंद्र पर गुरुवार को गोद भराई एवं आंगन मिलन समारोह कार्यक्रम हुआ। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीमा राठौर एवं सुपर वाइजर पूनम यादव  द्वारा गर्भवती महिलाओं और आने वाले शिशु के स्वास्थ्य की रक्षा करना, कुपोषण को रोकना और सुरक्षित प्रसव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच और आयरन की गोलियों के सेवन के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मिलने वाले पोषाहार (THR) की जानकारी भी दी गई।

   इस खास रस्म के साथ राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र पर बुलाकर पोषण की पोटली दी गई और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए खान-पान बेहतर रखने के लिए जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पारंपरिक तरीके से लाल चुनरी ओढ़ाकर उनकी गोद में फल, नारियल, पोषक आहार, व सुहाग की वस्तुएं (चूड़ी, बिंदी आदि) रखी गई। लोकगीतो के माध्यम से गोदभराई कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाया गया।


आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नसीम बानो, सुमन कुमारी, नूर बानो, रेनू साहू, कमलेश कुमारी, संयोगिता, जयंती ने महिलाओं का स्वागत किया। गर्भवती महिला यास्मीन की गोद भराई की गई। 6 माह के बच्चो शिवाय और मोक्ष का अन्नप्राशन संस्कार हुआ। 


इस मौके पर वार्ड सभासद आशीष कश्यप, आंगनवाड़ी सहायिका पूनम सक्सेना,साक्षी,सुमन लता आदि मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ