कार से कुचलकर महिला की हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बदायूं,। मुजरिया थाना क्षेत्र के कोल्हाई गांव में चार अक्तूबर की रात कार से कुचलकर महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे दिन एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। नामजद पांच आरोपियों में हिमांशु पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि चार अन्य अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मुजरिया थाना क्षेत्र के दिल्ली-मेरठ हाईवे स्थित कोल्हाई गांव में राजेंद्र अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के अनुज पुत्र रामपाल, जतन पुत्र रामपाल और हिमांशु पुत्र शेर सिंह अपने रिश्तेदार उझानी कोतवाली क्षेत्र के जुनैया गांव निवासी सत्येंद्र और अंकित के साथ दुकान पर पहुंचे थे। अनुज ने राजेंद्र से सिगरेट मांगी और उसके गले में हाथ डाल दिया। इसी दौरान दुकान में रखे 50 हजार रुपये ले लिए गए थे। राजेंद्र ने विरोध किया तो पांचों ने उसके साथ मारपीट की। राजेंद्र की मां लज्जावती उम्र करीब 50 वर्ष उसे बचाने पहुंचीं। आरोप है कि पांचों ने कार से उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। राजेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अनुज, जतन, हिमांशु, सत्येंद्र और अंकित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने बुधवार को फरार चल रहे एक आरोपी हिमांशु पुत्र शेर सिंह निवासी गांव कोल्हाई को गांव समसपुर बल्लू जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में नामजद अनुज, जतन, सत्येंद्र और अंकित अभी फरार हैं। चारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

टिप्पणियाँ