सस्पेंड सिपाही ने युवक से मांगी बियर, मना करने हंगामा ,मारपीट का वीडियो वायरल
बदायूं। कारतूस घोटाले के मामले में निलंबित सिपाही और युवक के बीच जमकर विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें दोनों घायल दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर मामला दबाने की कोशिश की गई। सूचना पर सदर कोतवाली और डायल 112 पुलिस पहुंची, लेकिन किसी पक्ष का मेडिकल नहीं कराया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रजा मार्केट में मंगलवार रात सीओ पेशी में तैनात रहे एक निलंबित सिपाही और युवक के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक मीरा सराय निवासी युवक बाइक से नाश्ते का सामान लेने रजा मार्केट पहुंचा था। आरोप है कि सिपाही लोगों के वीडियो बना रहा था और युवक का भी वीडियो बनाने लगा। युवक ने इसका विरोध किया तो सिपाही ने उसके शराब पीने की बात कही और दो बीयर लाने को कहा। युवक के मना करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उक्त सिपाही को सीओ सिटी कार्यालय में कारतूस घोटाले की चार्जशीट में कथित गोलमाल के मामले में निलंबित किया गया था। घटना के बाद दोनों पक्षों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
स्थानीय लोगों ने यूपी 112 को सूचना दी, जिसके बाद सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने वहां मौजूद भीड़ को हटा दिया और रजा मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी डिलीट करा दी, जिससे मामले को दबाया जा सके। वायरल वीडियो में निलंबित सिपाही और युवक दोनों घायल दिखाई दे रहे हैं, इसके बावजूद किसी पक्ष का मेडिकल नहीं कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि थाने पर इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। दो लड़कों के झगड़े की सूचना मिली थी।

टिप्पणियाँ