ट्यूबवेल के गाडर पर फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव
बदायूं। ससुराल से लौटे अधेड़ का शव गांव के बाहर ट्यूबवेल के गाडर पर फंदे से लटका मिला। अधेड़ का मोबाइल घटनास्थल से चार किलोमीटर दूर और बाइक घटनास्थल के पास मिली, जिसके बाद परिवार के लोगों ने गला दबाकर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अधेड़ के शव को पोस्टमार्टम को भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मामला बिसौली कोतवाली के हरदासपुर गांव के जंगल का है। यहां के रहने वाले सूरजपाल 55 वर्ष पुत्र सीताराम सोमवार को रामपुर जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नादरगंज स्थित ससुराल बाइक से गए थे। शाम को वह घर लौट रहे थे, लेकिन घर वापस नहीं पहुंचे। परिवार के लोगों ने तलाश की तो वह गांव के बाहर सरकारी ट्यूबवेल के गाडर पर फंदे से लटके मिले। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो सूरजपाल का मोबाइल उनके पास नहीं मिला। परिजनों ने तलाश की तो मोबाइल घटनास्थल से चार किलोमीटर दूर कलावारे व नया गांव के बीच मिला, जबकि बाइक पास में ही खड़ी थी।
ओ
इसके बाद परिवार के लोगों ने अज्ञात लोगों पर गला दबाकर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सूरजपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ परिवार के लोगों से भी जानकारी ली।

टिप्पणियाँ