छात्रा की मौत के बाद मलेरिया अधिकारी टीम के साथ पहुंचे गांव, लगाया शिविर
बदायूं । बिल्सी क्षेत्र के गांव बमेढ़ में बुखार से छात्रा की मौत के बाद जिला मलेरिया अधिकारी अपनी टीम के साथ गांव में पहुंचे। उन्होंने गांव में लगे स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर मरीजों के बारे में जानकारी ली। गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने को भेजा। गांव में ज्यादा से ज्यादा मरीजों की स्क्रीनिंग कराए जाने के निर्देश दिए।
बमेढ़ गांव में पिछले कई दिनों से बुखार फैला हुआ है। बुखार की चपेट में काफी मरीज आ चुके हैं। हर घर के अंदर कोई न कोई सदस्य बुखार से पीड़ित है। गांव बुखार फैलने की सूचना ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग को दी थी, लेकिन स्वास्थ्य महकमे की ओर से इसको गंभीरता से नहीं लिया गया। बुखार की चपेट में आकर छात्रा की मौत हो गई। गुरूवार को छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमा गांव की ओर दौड़ा। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में कैंप लगाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि शिविर में 16 लोगों की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की जांच कराई गई। जांच में किसी भी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। शुक्रवार को जिला मलेरिया अधिकारिया अमित तिवारी टीम के साथ गांव पहुंचे। गांव में एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया गया और शाम को फागिंग कराए जाने के निर्देश दिए।

टिप्पणियाँ