पीईटी परीक्षा में बदायूं डिपो की 40 बसों के बढ़ेंगे फेरे
बदायूं। पीईटी परीक्षा के दृष्टिगत अभ्यार्थियों के लिये सुगम परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी परिवहन निगम ने पूरी कर ली है। बदायूं डिपो ने पीईटी परीक्षा तिथि पर 40 बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बसों का संचालन अभ्यार्थियों की उपलब्धता के आधार पर किया जायेगा।
पीईटी परीक्षा 25, 30 अक्टूबर एवं एक नवंबर को आयोजित है। जिले के अधिकांश पुरुष अभ्यार्थियों का केंद्र जनपद मेरठ में है। जबकि महिला अभ्यार्थियों के केंद्र बरेली में हैं। ऐसे में बदायूं डिपो ने बरेली एवं मेरठ के लिये रोडवेज बसों के संचालन की विशेष प्लानिंग की है। एआरएम राजेश पाठक ने अभ्यार्थियों की उपलब्धता के आधार पर दिल्ली से आने वाली बसों के लिये मेरठ भेजने का निर्णय लिया है, इसके अलावा बरेली के लिये अभ्यार्थियों की संख्या के अनुसार हर 10-15 मिनट पर बसें निकलती रहेंगी। बदायूं से मेरठ जाने वाली बसें गंगा एक्सप्रेस-वे होकर जायेंगी और इधर से ही वापसी करेंगी। बदायूं में शाहजहांपुर जनपद की महिला अभ्यार्थियों के सेंटर हैं, ऐसे में बदायूं डिपो शाहजहांपुर के लिये भी अतिरिक्त बसें चलायेगा। जिले में अन्य जनपदों से आने वाले अभ्यार्थियों की सुगमता के लिये भी संबंधित जिले से जोड़कर बसें चलेंगी। एआरएम ने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बसें चलायी जायेंगी। संचालन से संबंधित तैयारियां पूरी कर ली हैं। व्यवस्था दुरुस्त रखने को अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जायेगी।

टिप्पणियाँ