घर में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव
बिसौली। विवाहिता का शव घर में फंदे पर लटका मिला। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाहिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव दबथरा में रिंकी 25 वर्ष का शव फंदे पर लटका मिला।
संभल जनपद के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव रूदायन निवासी दरबारी सिंह की बेटी रिंकी की शादी करीब सात वर्ष पहले गांव दबथरा निवासी करन सिंह पुत्र रेबी सिंह के साथ हुई थी। रिंकी के दो बच्चे हैं। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर रिंकी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह गांव दबथरा पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। मायके पक्ष ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी सतेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रिंकी की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

टिप्पणियाँ