शहर में बिरूआबाड़ी मंदिर से  निकाली गई भव्य श्रीराम बारात, डीएम व एसएसपी ने किया स्वागत

काली के अखाड़े में कलाकारों ने दिखाए करतब,झांकी रहीं आकर्षण का केंद्र 

  बदायूं। श्री रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के तहत गुरुवार को शहर में भगवान श्रीराम विवाह के पावन अवसर पर भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्रीराम के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।


शोभायात्रा की शुरुआत बिरुआबाड़ी मंदिर से हुयी। यहां से शोभायात्रा पथिक चौक, मढ़ई चौक, मेन बाजार, पुराने बाजार, खैराती चौक, लावेला चौक होते हुये रामलीला ग्राउंड में पहुंचकर संपन्न हुयी। पथिक चौक पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में इस बार विशेष रूप से राजस्थानी थीम आकर्षण का केंद्र रही। राजस्थान के जोधपुर, जयपुर और अन्य क्षेत्र से आये कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। जयपुर से आये ब्रास बैंड की मधुर धुनों, हरियाणा के कलाकारों के ढोल एवं पंजाब के भांगड़ा कलाकारों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए।

श्री राम विवाह की भव्य शोभायात्रा में डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा समेत अन्य अफसर मौहूद रहे। सभी अतिथियों ने धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुये भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के महत्व पर बल दिया। श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजन के दौरान मौजूद अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

श्री राम विवाह की इस भव्य शोभायात्रा ने शहर में धार्मिक उल्लास, सामाजिक एकता और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का संदेश दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्री रामलीला समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासन, पुलिस विभाग, गणमान्य अतिथियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आबिद रज़ा ने 1 जनवरी को अजमेर शरीफ दरगाह में लगाई हाजरी, चादरपोशी कर मांगी अमन चैन की दुआ