एसीएस, डीएम व सीडीओ पर यूपी पशु चिकित्सा संघ द्वारा मुकदमे की मांग
बदायूं। जिले की गोशालाओं में हुई गोवंशों की मौत पर उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ लामबंद हुआ है। संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश मेश्राम, डीएम अवनीश राय, सीडीओ गामिनी सिंगला और संबंधित बीडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को पत्र भेजते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जिले की गोशालाओं में बड़ी संख्या में गोवंशों की मौत हो चुकी है। गोशालाओं में अव्यवस्थाओं की शिकार गोवंशीय की देखरेख और चारा-पानी सिर्फ कागजों में चल रहा था। कई गोशालाएं मानक के विपरीत बना दी गईं जिसमें मामूली बारिश होने पर ही जलभराव हो जाता है। हालांकि शासनादेश के मुताबिक गोशालाएं ऊंचे स्थान पर बननी चाहिए, या फिर नीचा स्थान होने पर वहां मिट्टी का भराव कार्य कराना चाहिए। मगर, यहां सबकुछ कागजों में बेहतर चल रहा था। इसी बीच तीन दिन की लगातार बारिश के दौरान कागजी आंकड़ों का सच सामने आ गया। यहां गोशालाओं में एक साथ कई गोवंश अव्यवस्थाओं के चलते मौत के शिकार हुए तो अधिकारी हरकत में आ गए। ऐसे में सभी अपनी-अपनी गर्दन बचाने में लग गए। पशुधन मंत्री को पत्र भेजकर पूरे सिस्टम पर कार्रवाई की मांग की है। मंत्री को पत्र भेजने के साथ ही एक्स पर पोस्ट कर व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। बताया गया है कि गोशालाओं के संचालन का जिम्मा ऐसे एनजीओ को दिया गया जो सही देखरेख करने के बजाए गोवंशीयों के नाम पर चारा पानी का कागजी खेल कर बजट को डकारते रहे। इस बंदरबांट में जिम्मेदार अधिकारी भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

टिप्पणियाँ