कार में अचेत मिलनें के बाद मौत के मामले में व्हाट्सऐप चैट, शपथपत्र और नंबरों को जांच में शामिल करने की मांग बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र में बंद कार में अचेत मिले युवक की अस्पताल ले जाते समय हुई मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज हुआ था। अब मृतक के बड़े भाई ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर व्हाट्सऐप चैट, गवाहों के शपथपत्र और मोबाइल नंबरों की जांच विवेचना में शामिल करने की मांग की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुर के रहने वाले राजीव कुमार साहू जो मृतक अमन साहू के बड़े भाई हैं। उन्होंने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 फरवरी 2026 को अमन साहू अपनी कार से बिसौली जाने के लिए निकले थे। शाम को अलापुर थाना क्षेत्र में उनकी कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली, जिसमें वह अचेत अवस्था में पाए गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर थाना अलापुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। घटना के बाद परिजन शोक में थे, लेकिन बाद में जुटाए गए तथ्यों के आधार पर नए साक्ष्य सामने लाए गए हैं।